22 जून 2023
घुमारवीं उपमंडल के गांव नसवाल में व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली हैं। जानकारी के अनुसार घटना वीरवार सुबह करीब सात बजे की है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पेशे से ट्रैक्टर चालक था जोकि पिछले कुछ समय से दिमागी तौर पर परेशान चल रहा था। 15 दिनों पहले भी जहरीला पदार्थ खाकर व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की थी। मृतक की पत्नी ने बताया कि रोजाना की तरह बुधवार शाम करीब आठ बजे मनोहर खाना खाकर सो गया था। वीरवार सुबह करीब 5:00 बजे उठकर अपने कमरे में ही था। रंजना के मुताबिक, वह रोजमर्रा के काम में लगी थी। इसी दौरान उसे कमरे से गोली की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर कमरे में पहुंची तो देखा कि उसके पति ने खुद को गोली मार ली है। गोली हार्ट के पास लगी थी। रंजना के मुताबिक उसने एकदम से बंदूक बाहर फेंक दी। व्यक्ति कमरे में फर्श पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन मनोहर दम तोड़ चुका था। स्थानीय पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने शव और बंदूक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रपाल सिंह ने बताया कि व्यक्ति द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों के बयान दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।