राजगढ़ के, सीआरपीएफ जवान की ड्यूटी के दौरान हुई मौत
पूरे मान सम्मान के साथ करोल बाग श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
नेरचौक, 15 सितंबर
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ गांव के केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 31 बी बटालियन में दिल्ली में तैनात एक जवान की ड्यूटी के दौरान अचानक मौत हो गई। 42 वर्षीय कृष्ण गोपाल नामक जवान हवलदार पद पर तैनात थे जिसकी जून महीने में अचानक तबीयत खराब हो गई। तबीयत खराब होते देख बटालियन ने इन्हे मेट्रो हॉस्पिटल नोएडा में दाखिल करवाया जहां चिकित्सको ने इन्हें पीलिया , हेपेटाइटिस सी रोग से ग्रस्त बताया। तबीयत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने इन्हें वेंकटेश्वर मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल द्वारका में रैफर कर दिया जहां उपचार के दौरान गत शनिवार को सुबह 7:45 बजे उनकी मौत हो गई। बटालियन की ओर से परिजनों को जैसे ही इसकी सूचना दी गई तो पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया। रविवार सुबह इंस्पेक्टर रमेश चंद्र की अगवानी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस की एक टुकड़ी पूरे मान सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव राजगढ़ लेकर आई जहां करोल बाग शमशान घाट पर इनका अंतिम संस्कार पूरे मान सम्मान के साथ किया गया। सेना की टुकड़ी ने इन्हें सलामी दी। बेटे एहम ने मुख अग्नि दी। शव यात्रा में सैकड़ो लोगों ने भाग लेकर इन्हें अंतिम विदाई दी। हवलदार कृष्ण गोपाल अपने पीछे पिता ईश्वर चंद, पत्नी दीपा कुमारी, बेटा एहम, बेटी आशना को छोड़ गए हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस की ओर से इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने उनकी पत्नी दीपा कुमारी को ₹50000 फौरी राहत के तौर पर दिए। हवलदार कृष्ण गोपाल का जन्म 27 अक्टूबर 1982 को राजगढ़ गांव में ईश्वर चंद के घर हुआ था। वे 2003 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस में भर्ती हुए। इन्होंने 21 वर्ष 3 माह अपनी सेवाएं देश के लिए प्रदान की। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा, कैहड़ पंचायत के प्रधान हंसराज वर्मा, रिगड़ पंचायत के प्रधान चंद्र प्रकाश नलसर पंचायत के प्रधान जिंदर कुमार व स्थानीय पुलिस के जवानों सहित कई गण मान्य लोग मौजूद रहे।