भाजपा से जीत कर नगर परिषद बिलासपुर के अध्यक्ष बने कमलेन्द्र कश्यप ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस पार्टी में हुये शामिल।
विनोद चड्ढा कुठेड़ा बिलासपुर
25 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु के बिलासपुर दौरे से पूर्व कांग्रेस पार्टी को एक बड़ी कामयाबी व भाजपा को बड़ा झटका लगा है. सीएम सुखु के दौरे से ठीक दो दिन पहले ही नगर परिषद बिलासपुर के अध्यक्ष कमलेन्द्र कश्यप ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं. गौरतलब है कि कमलेन्द्र कश्यप कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष पद पर रह चुके हैं और शहरी निकाय व पंचायती राज चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी को छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे और भाजपा से ही नगर परिषद पार्षद चुने जाने के बाद अध्यक्ष पद पर काबिज हुए थे. वहीं हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद जहां कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो वहीं भाजपा प्रदेश नेतृत्व से किसी बात को लेकर चली अनबन के बाद कमलेंद्र कश्यप ने भाजपा का दामन छोड़ दिया और घर वापसी करते हुए कांग्रेस पार्टी में पुनः शामिल हो गए. वहीं नगर परिषद हॉल में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव व पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कमलेंद्र कश्यप को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर उनकी वापसी का स्वागत किया है. वहीं बंबर ठाकुर का कहना है कि कमलेन्द्र कश्यप के साथ मिलकर उन्होंने जहां पहले बिलासपुर में एनएसयूआई का झंडा गाड़ा था तो वहीं अब दोनों मिलकर सीएम सुखविंदर सिंह सुखु के हाथ मजबूत करेंगे और कांग्रेस पार्टी को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे. वहीं कमलेन्द्र कश्यप का कहना है कि सामाजिक कार्यों सहित बिलासपुर शहर का विकास करना उनकी प्राथमिकता है और भाजपा प्रदेश नेतृत्व के कुछ नेताओं से उनकी ना बनने के चलते उन्होंने अपने घर कांग्रेस में आना मुनासिफ समझा और उन्हें पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी में रहकर प्रदेश सरकार के सहयोग से वह बिलासपुर शहर का अथक विकास करने में अपनी भूमिका निभाएंगे.
