मंडी,बीना चौहान

मंडी में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई है, वहीं एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है। घटना शुक्रवार बीती देर रात की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे पुल घराट में एक टिप्पर पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ सुकेती खड्ड में जा गिरा। टिपर में 2 लोग सवार थे, जिनमें से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलने के उपरांत सदर थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय आशीष, निवासी पुल घराट के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय अशोक कुमार, गांव चढियारा, डाकघर गुटकर, तहसील सदर का रहने वाला है। प्रोविजनल एएसपी मनमोहन सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *