बारिश से खिले किसानों के चेहरे, सर्दी ने दी दस्तक
फसल के लिए संजीवनी का कार्य करेगी बारिश
आदर्श यादव
मंडी 16 अक्टूबर
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। साथ ही बारिश से सर्दी ने भी दस्तक देना शुरू कर दिया है। मौसम के बदलते मिजाज से लोग टी-शर्ट की जगह गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर हो गए हैं। सर्दी की यह पहली बारिश नगदी फसलों के लिए संजीवनी का कार्य करेगी जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मेथी शलगम, मूली,सरसों, लहसुन पालक तथा धनिया के लिए यह बारिश लाभदायक है। इसके अलावा गेहूं बिजाई के लिए भी यह बारिश वरदान सिद्ध होगी। यही नहीं टमाटर की जो फसल तैयार होने लगी है उसके लिए भी यह बारिश फायदेमंद है। वर्तमान में आगामी फसल के लिए प्याज, फूलगोभी और बंद गोभी की तैयारी की जा रही है। इस पर भी बारिश का सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है। किसान बृजलाल रमेश कुमार, रंजीत, प्रेमचंद, गायत्री ठाकुर,सुमित्रा, हरबंस तथा दिनेश कुमार ने बताया कि यह बारिश फसल के लिए वरदान सिद्ध होगी जिसका वे कई दिनों से इंतजार कर रहे थे।
धान की फसल के लिए यह बारिश ठीक नहीं है। वर्तमान में धान की फसल पूरी तरह से तयार हो गई है तथा धान की कटाई का कार्य जोरो पर चल रहा है। बारिश होने से कई किसानों के धान खेतों में बारिश के कारण भीग गए जिससे किसान निराशा है।
