भाजपा सरकार में जल जीवन मिशन में  जमकर हुई लूट, की जाए जांच :लालसिंह

आरोप लगाया नाचन में चेहतों को लाभ पहुंचाने की मंशा से विधायक के सरंक्षण में हुआ अवैध खनन व कटान
नेरचौक, 5 जुलाई (बीना चौहान): कांग्रेस पार्टी के महासचिव व कॉपरेटिव बैंक के निदेशक लालसिंह कौशल ने कहा कि भाजपा की पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के वक्त जल जीवन मिशन योजना के तहत भाजपा के नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं ने खूब लूट मचाई थी। जिसकी सरकार को एसआईटी का गठन कर गहनता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नाचन के विधायक विनोद कुमार ने अपनी ही पार्टी की बैठक में खुद अपने ही कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है कि उन्होंने जल शक्ति विभाग के स्टोरों से पाइपें ले गए। जिन्हें कइयों ने घरों की छतों में छुपाकर रखा है, तो कइयों ने उन पाइपों को घरेलू जरूरतों में सीढ़ियों के रूप में इस्तेमाल किया है। लालसिंह ने यह शब्द नाचन के चुनाहन में पत्रकार वार्ता के दौरान कहे। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके नेताओं ने केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन परियोजना में दिए गए नारे हर घर जल हर घर नल के तहत पाइप खरीद में भी बड़ा झोल किया। पाइपों की घटिया क्वालटी को देखते भाजपा के शासनकाल में जनता के पैसे का जमकर दुरुपयोग हुआ है। जिसकी जांच होनी चाहिए। जांच में महा घोटाला सामने आएगा। ताकि आम लोगों के सामने  भाजपा की लूट को उजागर किया जा सके। लालसिंह ने विधायक विनोद कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है कि उनके सरंक्षण में ही नाचन के जंगलों में अवैध तरीके से खनन और कटान को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास विरोधी नहीं है। लेकिन जिस तरह से अधिकारियों पर जबरन दबाव बनाकर अपने चेहतों के जेबे भरने के लिए  नाजायज तरीके से विकास को दर्शाने की कोशिश की गई है। कांग्रेस पार्टी ऐसे विकास की कड़ी भर्त्सना करती है। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हीर सिंह ठाकुर, दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव चमन राही, अधिवक्ता हेम सिंह ठाकुर, सिधुराम भारद्वाज, नानक चंद, पूर्व नाचन युंकाध्यक्ष रणजीत सिंह ठाकुर सहित अन्य कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *