नेरचौक, 6 नवंबर : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीजेपी हिमाचल में सत्ता हाथ से फिसलता देख बौखला गई है, जिस कारण वे प्रधानमंत्री को राज्य में जनसभाओं पर जनसभाएं करवा रही हैं। लेकिन इस मर्तबा जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने का पूरा मन बना चुकी है। कांग्रेस अध्यक्षा एवं मंडी लोक सभा सांसद प्रतिभा सिंह ने विधानसभा बल्ह के कंसा मैदान में रविवार को पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने सत्ता में आने से आठ साल पहले जनता से वादा किया था कि वह काला धन वापस लाकर लोगों को 15 लाख रुपए उनके खातों में डालेंगे लेकिन आज दिन तक गरीब लोग उस पैसे की इंतजार ही कर रहे हैं। वही आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम करने का भी वादा किया गया था तथा राष्ट्रीय स्तर पर 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। लेकिन सभी वायदे महज चुनावी हथकंडा साबित हुए। सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, यहां तक कि एक एलपीजी सिलेंडर भी करीब 1200 रुपये में बिक रहा है और अब गैस सब्सिडी भी खत्म कर दी गई है। पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही हैं। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि कैसे राजा वीरभद्र सिंह ने लोगों को सस्ती बिजली और सस्ता राशन मुहैया करवया था और वह कैसे हर समय गरीब आदमी का ध्यान रखते थे। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र में डबल इंजन की सरकारों ने जनता को निराश हताश कर रख दिया है। जयराम सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार व्याप्त था, जहां कांस्टेबल भर्ती घोटाले ने उजागर किया कि कैसे अधिकारियों की भागीदारी के साथ लाखों में प्रश्न पत्र बेचे गए। जोकि प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा किया गया है कांग्रेस की सरकार आते ही इसकी गहनता से जांच करवाई जाएगी। उन्होंने वायदा किया कि जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जाएगा, इसके अलावा प्रत्येक महिला को 1,500 रुपए, 680 करोड़ रुपये स्टार्ट-अप फंड और अन्य चुनावी गारंटियों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बल्ह कि जनता से अपील की कि वे प्रकाश चौधरी को पुनः विधानसभा में भारी बहुमत के साथ जिता कर भेजें, उन्हें इस बार भी केबिनेट मंत्री बनाया जाएगा जिसका वे वचन देती है ंं।