नेरचौक, 6 नवंबर : रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बल्ह भाजपा द्वारा चलाए गए प्रचार अभियान में भाग लेकर बल्ह विधानसभा क्षेत्र के डडोर से लेकर नेरचौक तक खुली गाड़ी में बैठकर और पैदल चलकर रोड शो किया। उन्होंने इस मौके पर स्थानीय जनता से पार्टी के पक्ष में वोट मांगे। इस मौके पर उनके साथ बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी और भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र राणा भी शामिल रहे। यह पहला मौका है जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किसी विधानसभा क्षेत्र में वहां के विधायक के लिए जनता को उनके पक्ष में वोट डालने की अपील की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों को पार्टी के पत्रक भी बांटे। वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोविंद ठाकुर व उनके सहयोगियों ने मुख्यमंत्री को लड्डूओं के साथ तोला। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की हिमाचल यात्रा व रैलियों के पश्चात चुनाव अभियान ने एकदम से जोर पकड़ लिया है। जिससे लोगों में भारी जोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बार फिर से प्रदेश में सत्ता हासिल कर रिवाज बदलेगी। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया है। जिसमें किए गए वादों को पार्टी निभाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण को लेकर उस पर फोकस होकर कार्य किया है। हालांकि उन्होंने ओपीएस को लेकर कोई भी बात नहीं की। इस मौके पर उनके साथ मिल्क फेड के चेयरमैन निहालचद शर्मा, प्रियंता शर्मा सहित भाजपा के अन्य बहुत से कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।