सपना साकार हुआ पंडोह में खुला सार्वजनिक पुस्तकालय: भाटिया

पुस्तकालय के उत्थान और विस्तार के लिए पंचायत तन मन धन से करेगी सहयोग: प्रधान गीता
पंडोह, 23 फरवरी 
पांडवों की धरती पंडोह में 22 फरवरी का दिन एक ऐतिहासिक दिन के रूप में याद रखा जाएगा। आज अंबेडकर भवन पंडोह में सार्वजनिक अंबेडकर पुस्तकालय का शुभारंभ पंचायत प्रधान गीता देवी के कर कमलों से पंचायत समिति सदस्य अनीता देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सदस्य बीआर भाटिया ने बताया कि आज बाबा साहब के सपने को साकार करने का हल्का  सा प्रयास किया गया है। यह पुस्तकालय शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक चलेगा जिसमें अब तक 500 विभिन्न विषयों की पुस्तकें संग्रहित की गई हैं। जिनमें अधिकांश पुस्तकें बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के साहित्य के रूप में और बहुत सारी पुस्तकें खेती वन अधिकार कानून व तथा सामान्य ज्ञान की पुस्तकें रखी गई हैं। यह पुस्तकालय डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती आयोजन समिति पंडोह के अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप आरंभ किया जा सका। भाटिया ने बताया कि इस पुस्तकालय में स्थानीय पंचायत प्रधान व सभी गणमान्य सदस्यों का भी सराहनीय योगदान रहा है इसके लिए उन्होंने जहां पंचायत के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया वहीं स्थानीय लोगों के आर्थिक सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह पुस्तकालय जहां शिक्षा का केंद्र बनेगा वही इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर करते हुए किताबों की ओर आकर्षित करना है। इस पुस्तकालय में दैनिक समाचार पत्रों के साथ-साथ और भी महत्वपूर्ण सरकारी पत्रिकाएं उपलब्ध रहेगी जिनमें गिरिराज प्रमुख है। भाटिया ने बताया कि इस पुस्तकालय में सेवानिवृत्त कर्मचारी वृद्धजन भी भाग ले सकते हैं उनके बैठने की उचित व्यवस्था की गई  हैं। भाटिया ने बताया कि पुस्तकालय के उद्घाटन समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि पंचायत प्रधान गीता देवी को समिति के सदस्य डॉ हरिदास द्वारा साल टोपी पहना कर सम्मानित किया गया। जबकि पंचायत समिति सदस्य अनीता देवी को डीआर कौडल द्वारा और उप प्रधान पवन कुमार को हर भगवान दास द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समस्त पंचायत सदस्यों को आयोजन समिति के अन्य सदस्यों द्वारा सम्मानित किया। भाटिया ने कहा कि जल्द ही स्कूली बच्चों को कोचिंग व्यवस्था भी की जा रही है ‌। पंचायत प्रधान ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय पंडोंह के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में जाना जाएगा। पंचायत हर प्रकार से इस पुस्तकालय के उत्थान और विस्तार के लिए सहयोग करेगी।  जल्द ही अंबेडकर भवन में बिजली की व्यवस्था कर दी जाएगी। वहीं उन्होंने समस्त युवाओं से और स्थानीय जनता से आग्रह किया कि नियमित इस पुस्तकालय में आकर किताबों का लाभ उठाएं। इस अवसर पर वार्ड सदस्य गीता देवी एक, सदस्य गीता देवी 2, सुरेंद्र कुमार, चित्र सिंह, गोपाल ठाकुर, बंदना सूद, हिमा देवी,समिति के सदस्य जगदीश कुमार नाग सिंह डीके खुबे राम ओम प्रकाश कर्म सिंह भाटिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य सोहनलाल,देवी सिंह, श्री गुरु रविदास सभा पंडोह के प्रधान रेवती, एवं महिला मंडल पड़ोस व धडोली की समस्त सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *